असम पूर्वोत्तर का आर्थिक शक्ति केंद्र बनकर उभर रहा है : भाजपा

गुवाहाटी, 22 जून (हि.स.)। भाजपा असम प्रदेश की प्रवक्ता डॉ. जाफरीन मेहजाबिन ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम अभूतपूर्व आर्थिक प्रगति कर रहा है और पूर्वोत्तर भारत के आर्थिक शक्ति केंद्र के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रगतिशील नीतियों, संस्थागत सुधारों, आधारभूत संरचना के विस्तार और वैश्विक निवेशकों के साथ बढ़ते संपर्क के कारण असम ने विकास की नई दिशा प्राप्त की है। एडवांटेज असम 2.0 निवेश एवं आधारभूत संरचना शिखर सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री द्वारा जापान, सिंगापुर सहित विभिन्न देशों में किए गए निवेश संपर्क कार्यक्रमों ने राज्य के प्रति वैश्विक निवेशकों का विश्वास बढ़ाया।

डॉ. मेहजाबिन ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया, जापान और यूरोपीय संघ के कई देशों द्वारा असम के अधिकांश हिस्सों के लिए यात्रा सलाह में ढील देना राज्य की बेहतर कानून-व्यवस्था, सुशासन और आर्थिक संभावनाओं की अंतरराष्ट्रीय मान्यता है। इससे पर्यटन, विदेशी निवेश और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियों को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि ऊर्जा, आधारभूत संरचना, हाइड्रोकार्बन, विनिर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। लगभग दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं विभिन्न चरणों में क्रियान्वयन के तहत हैं, जबकि 1.21 लाख करोड़ रुपये मूल्य की 70 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा चुका है।

डॉ. मेहजाबिन ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने जगीरोड में स्थापित हो रही टाटा सेमीकंडक्टर ओएसएटी परियोजना को असम और पूर्वोत्तर के औद्योगिक विकास के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया, जिससे हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि निवेशकों का बढ़ता विश्वास, तेज औद्योगिकीकरण और प्रभावी नीति क्रियान्वयन असम को राष्ट्रीय और वैश्विक आर्थिक मानचित्र पर नई पहचान दिला रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

--------------

   

सम्बंधित खबर