अवैध वसूली विवाद पर हंगामा, पंचायत सदस्य के पति पर फेंके गए अंडे
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
कूचबिहार, 19 जून (हि. स.)। आवास योजना के तहत घर दिलाने के नाम पर पैसे लेने के आरोप में शुक्रवार को कूचबिहार एक ब्लॉक के पानीशाला ग्राम पंचायत क्षेत्र में जमकर बवाल हुआ। पंचायत सदस्य सुनंदा राय सरकार के पति चिरंजीत सरकार को घेरकर स्थानीय लोगों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और उन पर अंडे भी फेंके। मामले की शुरुआत तब हुई जब स्थानीय लोगों ने चिरंजीत सरकार पर ‘कट मनी’ लेने का आरोप लगाया।
आरोप है कि उन्होंने आवास योजना के तहत घर दिलाने के नाम पर लाभार्थियों से पांच से दस हजार रुपये तक की रकम ली थी। लगातार बढ़ते दबाव के बीच शुक्रवार को उन्होंने इलाके में एक शिविर का आयोजन किया, जहां से लाभार्थियों को पैसे लौटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। हालांकि, जैसे ही पैसे लौटाने की खबर फैली, लोगों का गुस्सा भड़क उठा। बड़ी संख्या में लोग शिविर के सामने इकट्ठा हो गए और चिरंजीत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन पर अंडे फेंकने लगे। इस घटना से पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और शिविर का काम भी प्रभावित हुआ।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ‘अवैध वसूली’ मामले में चिरंजीत सरकार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

