जापानी भाषा के प्रशिक्षुओं को बड़ी राहत, परीक्षा से पहले मिलेगा एक लाख रुपये : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 05 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने जापानी भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रशिक्षु को परीक्षा से पहले ही कुल एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

गड़चुक स्थित उत्तर-पूर्व कौशल विकास केंद्र में प्रशिक्षुओं से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षण के पहले तीन माह पूरे होने पर 30 हजार रुपये, छह माह पूरे होने पर 30 हजार रुपये तथा नौ माह पूरे होने पर शेष 40 हजार रुपये दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जापान का वीजा प्राप्त करने के बाद प्रत्येक प्रशिक्षु को अतिरिक्त 50 हजार रुपये भी दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रशिक्षण से केवल जापान ही नहीं, बल्कि असम और पूरे भारत में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भारत में 1,500 से अधिक जापानी कंपनियां कार्यरत हैं और अगले दो-तीन वर्षों में कई जापानी कंपनियों के असम आने की संभावना है।

-----------

   

सम्बंधित खबर