नगांव (असम), 17 मई, (हि.स.)। असम के नगांव जिले के कोलियाबोर क्षेत्र के एक छात्र ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। कक्षा आठ के छात्र जोनाक ज्योति बोरदोलोई का चयन अमेरिका में आयोजित होने वाले नासा से संबंधित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के लिए किया गया है।
कोलियाबोर गुरुकुल के विद्यार्थी जोनाक ज्योति बोरदोलोई आगामी दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान उन्हें प्रसिद्ध अंतरिक्ष यात्री डॉ. डॉन थॉमस के साथ संवाद करने का अवसर भी मिलेगा।
कुवारिटोल माधव गांव निवासी जोनाक ज्योति, राजीव बोरदोलोई और ज्योतिमाला बोरदोलोई के पुत्र हैं। उन्होंने अप्रैल महीने से शुरू हुई एक महीने लंबी चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार कर यह उपलब्धि हासिल की। यह मूल्यांकन अंतरिक्ष विज्ञान और उससे जुड़े विभिन्न विषयों पर आधारित था।
जोनाक ज्योति ने बताया कि उन्हें 15 अप्रैल को उनके विज्ञान शिक्षक जतिन बोरा से इस अवसर की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने घर से ही नियमित तैयारी शुरू की। उन्होंने कहा कि परीक्षा क्वेस्ट आधारित थी, जिसमें विभिन्न वैज्ञानिक विषयों को लेकर गहन अध्ययन की आवश्यकता थी।
छात्र ने बताया कि 5 मई को चयन की सूचना मिलने के बाद परिवार और विद्यालय दोनों ने उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि नासा जाने और वहां की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर उनके लिए बेहद खास है।
सम्मेलन के दौरान जोनाक ज्योति अंतरिक्ष विज्ञान पर आधारित अपना एक प्रोजेक्ट भी प्रस्तुत करेंगे। उनकी तैयारी में विज्ञान शिक्षक जतिन बोरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिनके मार्गदर्शन में छात्र ने यह सफलता प्राप्त की।
इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में भी उत्साह का माहौल है। विद्यालय के निदेशक रातुल बरुवा, प्राचार्या प्रियंका बोरा सहित शिक्षकों और कर्मचारियों ने छात्र को बधाई देते हुए इसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया है।
उल्लेखनीय है कि इस सम्मेलन के लिए पूरे भारत से कुल 17 छात्रों का चयन हुआ है, जिनमें असम से चयनित होने वाले जोनाक ज्योति बोरदोलोई एकमात्र छात्र हैं। विद्यालय प्रशासन के अनुसार छात्र की विज्ञान और नवाचार के प्रति रुचि शुरू से ही रही है और यह अवसर उनके शैक्षणिक भविष्य को नई दिशा देगा।
----------

