वृद्ध दंपती पर हमले का मामला : घायल वृद्धा का टूटा दम, अब हत्या में केस दर्ज

जोधपुर, 3 अप्रेल (हि.स.)। निकटवर्ती डांगियावास स्थित बिसलपुर गांव में 31 मार्च की शाम को वृद्ध दंपती पर अज्ञात शख्स द्वारा जानलेवा हमला किया गया था। वृद्धा घर में थी और उसके सिर पर वार किया गया। जबकि घर से दो सौ मीटर की दूरी पर उसके पति रिटायर्ड फौजी पर हमला हुआ था। दोनों का एमडीएम अस्पताल में उपचार चल रहा था। गुरुवार काे वृद्धा की अस्पताल में उपचार के बीच मौत हो गई। उसके तीन दिन तक बयान नहीं हो पाए। पति को अब भी होश नहीं आया है।

डांगियावास थानाधिकारी आसिमा वासवानी ने बताया कि बिलसपुर गांव निवासी गंगाराम पुत्र घीसाराम जाट ने यह रिपोर्ट दी। 31 मार्च की शाम को उसकी माताजी 75 वर्षीय भीखी देवी घर पर थी। तब अज्ञात हमलावर घर में घुसे और उसकी माताजी पर हमला किया जिससे वे बुरी तरह लहूलुहान हो गई। ठीक घर से दो सौ मीटर दूरी पर उसके वृद्ध पिता 80 साल के घीसाराम पर भी हमला किया गया। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें लगी है। घटना पता लगने पर बाद में उन्हेें अस्पताल ले जाया गया। इस घटना में घायल भीखी देवी की अब मौत हो गई है। मामला हत्या में तब्दील किया गया है।

थानाधिकारी वासवानी का कहना है कि लूट के इरादे से हमला नहीं हुआ है। कोई और कारण हो सकता है। वृद्ध भीखी देवी के शरीर पर आभूषण पहने हुए थे। किसी जानकार का हाथ हो सकता है जोकि परिवार से रंजिश रख रहा होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

   

सम्बंधित खबर