होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल टैंकर पर हमला, खाड़ी क्षेत्र में फिर तनाव
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
लंदन/दुबई, 27 जून (हि.स.)। होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक तेल टैंकर पर हमले की घटना के बाद खाड़ी क्षेत्र में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि शनिवार को एक व्यावसायिक तेल टैंकर को अज्ञात प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया।
एजेंसी के अनुसार, जहाज के कप्तान ने सूचना दी कि हमले में टैंकर के ब्रिज, यानी नियंत्रण कक्ष, को नुकसान पहुंचा है। हालांकि जहाज पर मौजूद सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी प्रकार के तेल रिसाव की जानकारी नहीं मिली है।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब क्षेत्र में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बाद खाड़ी क्षेत्र के समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ी है।
अमेरिका ने कुछ दिन पहले ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों तथा तटीय रडार केंद्रों पर सैन्य कार्रवाई की थी। अमेरिकी अधिकारियों ने आरोप लगाया था कि ईरान से जुड़े तत्वों ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज को निशाना बनाने का प्रयास किया था। हालांकि इन आरोपों पर ईरान की ओर से अलग रुख सामने आया है।
अमेरिका और ईरान के बीच संघर्षविराम लागू होने के बावजूद समुद्री क्षेत्र में तनाव और सुरक्षा संबंधी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
-----------------------

