पेड़ से टकराया ऑटो, महिला की मौत व चार घायल

फिरोजाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत शनिवार को एक ऑटो पेड़ से टकरा गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा थाना नगला सिंघी क्षेत्र अन्तर्गत गांव ठार बल्दी के समीप हुआ। यहां एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि ऑटो सवार गांव भक्ति गढ़ी निवासी राजकुमारी बघेल (35) की मौत माैके पर हो गई। जबकि ऑटो में सवार अन्य चार सवारियां घायल हो गईं। मृतका राजकुमारी गांव की ही अन्य महिलाओं के साथ सीयर देवी मंदिर से दर्शन करने गई थी। वहां से लौटते समय हादसा हो गया। दुर्घटना देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ ही मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है। इस संबन्ध में थाना प्रभारी नगला सिंघी का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

   

सम्बंधित खबर