विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर कठुआ में जागरूकता रैली व नुक्कड़ नाटक, नशा मुक्त समाज का लिया संकल्प

Awareness rally and street play in Kathua on World No Tobacco Day


कठुआ, 30 मई । विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कठुआ द्वारा जिला न्यायालय परिसर में जागरूकता रैली और विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जतिंदर सिंह जमवाल ने किया जबकि सचिव डीएलएसए एवं सब-जज उर्वशी आर. भार्गव के मार्गदर्शन में आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत जम्मू संस्कृत स्कूल कठुआ के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक से हुई जिसमें तंबाकू के दुष्प्रभाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। इस प्रस्तुति को न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और आम जनता ने सराहा। इसके बाद जिला न्यायालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया जिसका उद्देश्य लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर बोलते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जतिंदर सिंह जमवाल ने युवाओं में तंबाकू के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया और समाज के सभी वर्गों से तंबाकू नियंत्रण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रवीण पंडोह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अजय कुमार सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, बार के सदस्य, न्यायालय स्टाफ और छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ, नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर