जबलपुर : नागाघाटी के पास लोहे से भरा ट्रक पलटा, चालक की मौके पर मौत

जबलपुर, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत नागाघाटी के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से लोहे का सामान लेकर कानपुर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्लीनर को मामूली चोटें आई हैं।

मृतक चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले निवासी इंतशाम अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय ट्रक रायपुर से कानपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान नागाघाटी के पास अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।

घायल क्लीनर के अनुसार सफर के दौरान ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए थे। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन भारी वाहन होने और सड़क पर ढलान व मोड़ होने के कारण वह नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए क्लीनर को सुरक्षित बाहर निकाला।

बरेला थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना बताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर