घर-घर जाकर समस्याओं का समाधान करेगा नगर निगम: महापौर
- Admin Admin
- Apr 04, 2025

-स्थानीय सरकार आपके द्वार अभियान 10 से
-अधिकारियों एवं पार्षद संग वार्डों में भ्रमण करेंगे महापौर
अयोध्या, 4 अप्रैल (हि.स.)। जन समस्याओं के निराकरण के लिए नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारी संग महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने 'स्थानीय सरकार आपके द्वार' अभियान शुरू करने का फैसला किया है। इस अभियान के तहत वार्ड वार भ्रमण कर महापौर जन संवाद करेंगे और समस्याओं का संकलन कर उसका त्वरित समाधान कराने की पहल करेंगे।
शुक्रवार को उन्होंने सर्किट हाउस में मीडिया को कार्यक्रम की बाबत जानकारी दी। श्री त्रिपाठी ने बताया कि स्थानीय सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का मकसद अयोध्या के प्रत्येक नागरिकों की समस्याओं को उन्हीं के द्वार पर जाकर सुनना और यथा संभव समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 10 अप्रैल से होगी। इस दौरान प्रति सप्ताह एक अथवा दो वार्ड में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान नगर निगम की टीम कैंप लगाकर जलकर एवं गृहकर, प्रकाश, जलापूर्ति, सीवर लाइन, सफाई, नाली-खड़ंजा की समस्या, जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र आदि समस्या का समाधान करेगी। इस अभियान में स्वयंसेवी संस्था राम का घर सहयोग करेगी। उन्होंने बताया कि अब तक राम का घर टीम ने 385 स्वयंसेवकों का चयन किया गया है, उन्हें स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
राम का घर टीम की अध्यक्ष एकता भटनागर ने बताया कि पहले चरण में 10 अप्रैल को स्वास्थ्य सुरक्षा विशेषज्ञ के रूप में 58 स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस मौके पर टीम के मुख्य संयोजक आलोक सिंह राणा, सचिव दीपक पांडे, देवकाली मंडल प्रभारी स्वप्निल श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी अंशुमन मित्रा भी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय