बी.एड. प्रवेश परीक्षा : सुचिता पूर्ण सम्पन्न कराने को 167 सदस्य रवाना

31 मई को 72 जिलों में 1011 केन्द्रों पर 4 लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय ने बनाया हाईटेक कंट्रोल रूम

झांसी, 28 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झाँसी को राज्य स्तरीय संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए विश्वविद्यालय ने गुरुवार को 167 लोगों को रवाना कर दिया। उनकी मङ्गलमय यात्रा के लिए कुलपति ने पुष्प वर्षा कर उन्हें विदा किया।

यह परीक्षा आगामी 31 मई 2026 को प्रदेशभर में दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। संयुक्त बी.एड. प्रवेश परीक्षा-2026 में प्रदेश के 72 जनपदों में स्थापित 1011 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 4 लाख 44 हजार 958 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं।

परीक्षा की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आज प्रातः 5 बजे से विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों की 167 सदस्यीय टीम विभिन्न जनपदों के लिए रवाना की गई। सबसे पहले देवरिया, बलिया, महाराजगंज, गोरखपुर एवं वाराणसी के लिए वाहनों को रवाना किया गया।

इस दौरान कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने वाहनों का पूजन कर विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों एवं वाहन चालकों को तिलक लगाकर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

विश्वविद्यालय परिसर में इस वर्ष अत्याधुनिक हाईटेक कमाण्ड कंट्रोल रूम (ICCC- Integrated Command Control Centre) स्थापित किया गया है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रदेश के सभी परीक्षा केन्द्रों की लाइव मॉनीटरिंग की जाएगी। परीक्षा केन्द्रों पर एआई इनेबल्ड सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके जरिए स्ट्रांग रूम, परीक्षा कक्षों तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों की लगातार निगरानी रखी जाएगी।

विशेष बात यह है कि इस वर्ष पहली बार विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों को बॉडी वॉर्न कैमरे भी उपलब्ध कराए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से परीक्षा केन्द्रों के भौतिक सत्यापन से लेकर गोपनीय सामग्री की सुरक्षा और परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों पर कंट्रोल रूम से सीधी निगरानी की जा सकेगी। इससे परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा।

कार्यक्रम में कुलसचिव ज्ञानेन्द्र कुमार, राज्य समन्वयक प्रो. सौरभ श्रीवास्तव, राज्य सह-समन्वयक प्रो. डी.के. भट्ट, प्रो. काव्या दुबे सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर