बनगांव में तृणमूल पार्षद पापाई राहा गिरफ्तार

उत्तर 24 परगना, 03 जून (हि. स.)। जिले के बनगांव नगर पालिका के वार्ड संख्या 14 के तृणमूल कांग्रेस पार्षद पापाई राहा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर कथित तौर पर वसूली, धमकी देने और विभिन्न असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में व्यापक चर्चा और राजनीतिक हलचल शुरू हो गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पापाई राहा के खिलाफ लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा कई शिकायतें दर्ज कराई जा रही थीं। आरोप है कि उनके खिलाफ इलाके में दबंगई, अवैध वसूली और लोगों को धमकाने संबंधी शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर बुधवार दोपहर बनगांव थाना पुलिस ने गोपालनगर क्षेत्र में अभियान चलाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

खबर लिखे जाने तक पार्टी की ओर से इस मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपित के खिलाफ दर्ज शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर बनगांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच व्यापक चर्चा का माहौल बना हुआ है।

---------------

   

सम्बंधित खबर