जनता दर्शन के प्रकरण में लापरवाही पर बीडीओ पथरदेवा को प्रतिकूल प्रविष्टि

देवरिया, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन में प्राप्त एक प्रकरण के निस्तारण में लापरवाही एवं अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी पथरदेवा को गुरुवार को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए हैं।

पथरदेवा विकासखंड के ग्राम धर्मचौरा निवासी प्रमोद साहनी ने जनता दर्शन में उपस्थित होकर शिकायत की कि वर्ष 2022 में मत्स्य पालन के लिए तालाब का पट्टा हुआ था, लेकिन मत्स्य पालन का कार्य नहीं हुआ है। फरियादी ने बताया कि इस संबंध में वह पूर्व में भी कई बार जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रख चुका है।

जांच में पाया गया कि जिलाधिकारी द्वारा कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद खंड विकास अधिकारी पथरदेवा द्वारा प्रकरण के निस्तारण में अपेक्षित रुचि नहीं ली गई तथा मामले को लंबित रखा गया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

-----------

   

सम्बंधित खबर