दुर्गापुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक आरोपित को छोड़ने पर किया थाना घेराव

कोलकाता, 15 मई (हि. स.)। दुर्गापुर में कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के बीओजीएल इलाके में राज़ा गुई नामक व्यक्ति को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। उस पर लंबे समय से आतंक फैलाने, दादागिरी करने और आम लोगों को डराने-धमकाने के आरोप लगते रहे हैं।

भाजपा का आरोप है कि तृणमूल शासन के दौरान राज़ा गुई इलाके में खुलेआम आपराधिक गतिविधियां चलाता था और लोगों से रुपये वसूली करता था। हाल ही में पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी किया, लेकिन बाद में छोड़ने से विवाद और गहरा गया है। इसी के विरोध में शुक्रवार को न्यू टाउनशिप थाने के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भाजपा के दुर्गापुर 3-नंबर मंडल अध्यक्ष बुद्ध देव मंडल के नेतृत्व में हुआ।

प्रदर्शन के दौरान बुद्धदेव मंडल ने आरोप लगाया कि राज़ा गुई बीओजीएल इलाके का एक कुख्यात व्यक्ति है, जिसके पास से आग्नेयास्त्र भी बरामद हुआ था। इसके बावजूद उसे किस आधार पर छोड़ा गया, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि तृणमूल के शासन में वह खुलेआम दादागिरी करता था, लोगों को डराता था और जबरन वसूली करता था।

भाजपा ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर