भाजपा ने आपातकाल दिवस पर लोकतंत्र सेनानियों को किया सम्मानित
- DSS Admin
- Jun 25, 2026
फर्रुखाबाद,25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में गुरुवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला कार्यालय पर आपातकाल दिवस कार्यक्रम मनाया गया। इस दौरान सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा एवं अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया एवं आपातकाल से जुड़े हुए विषयों पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि 25 जून 1975 भारतीय लोकतंत्र का एक काला अध्याय है। जब इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने पूरे भारत पर इमरजेंसी लगाकर प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई। इसके साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी लालकृष्ण आडवाणी जैसे तत्कालीन जनसंघ नेताओं और प्रमुख विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया था। सत्तालोलुप नेताओं की लालसा ने देश के लोकतंत्र को कटघरे में खड़ा कर दिया। पूरे विश्व में भारत के लोकतांत्रिक इतिहास को कलंकित कर दिया गया।
अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर भारत के स्वस्थ और मजबूत लोकतंत्र को कलंकित करने का कार्य किया सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके स्वच्छ और ईमानदार लोगों को जेल में डाल दिया। कांग्रेस सरकार ने न केवल संवैधानिक ढांचे को कुचला बल्कि प्रेस की स्वतंत्रता न्यायपालिका की निष्पक्षता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को भी भंग कर दिया था। देश की जनता तत्कालीन कांग्रेस सरकार के इस फैसले को कभी माफ नहीं करेगी। 21 महीने के आपातकाल का क्रूर समय नागरिकों पर हुए अत्याचारों की दारूण गाथा है।
भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि कांग्रेस की आपातकाल ने लोकतंत्र में आस्था रखने वाली हर आवाज को दबा दिया। लाखों लोगों को जेलों में डाल दिया गया। जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, राजनाथ सिंह जैसे अनेक वरिष्ठ विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और यहां तक कि छात्रों को जेल में बंद कर दिया गया। उन्हें जेलों में अमानवीय यातनाएं दी गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित ने किया। इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानी विजय सिंह वर्मा, जगदीश पांडे, सतीश चंद्र कटियार, राधेश्याम राजपूत और कैलाश चंद्र गंगवार को शॉल उड़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री गोपाल राठौर, डॉ बीके गंगवार, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अनुराग दुबे, रश्मि दुबे, अभिषेक बाथम, संदेश राजपूत, जिला मंत्री श्वेता दुबे, प्रतिभा राजपूत, शिवमोहन सिंह, अभिषेक बाजपेई, मनोज गंगवार, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, संदीप शाक्य, अनुराग सिंह, हसनैन खान, अजीत पांडे, नीरज अवस्थी, रामकिशोर दीक्षित, संजय सिंह, सुशील राजपूत, रजनीश मिश्रा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत आदि मौजूद रहे।
---------------

