भाजपा : गजपाल सिंह शहर व पुष्कर तेली देहात जिलाध्यक्ष नियुक्त
- Admin Admin
- Jan 29, 2025

उदयपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। भाजपा ने बुधवार को उदयपुर शहर और देहात जिलाध्यक्ष के नामों की घोषणा कर दी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने यह घोषणा की। गजपाल सिंह राठौड़ को उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष और पुष्कर तेली को देहात जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इससे पूर्व, पटेल सर्कल स्थित पार्टी कार्यालय में निर्वाचन अधिकारी विरमदेव सिंह व पार्टी पदाधिकारियों ने शहर जिलाध्यक्ष पद के 13 दावेदारों से चर्चा कर सर्वसम्मति बनाई, जिसके बाद अन्य दावेदारों ने अपने नाम वापस ले लिए। नाम घोषित होते ही कार्यकर्ताओं ने गजपाल सिंह राठौड़ का अभिनंदन किया। राठौड़ पूर्व में शहर भाजपा के महामंत्री रह चुके हैं।
इसी तरह, बलीचा स्थित कार्यालय में देहात जिलाध्यक्ष पद को लेकर चर्चा हुई, जिसमें 19 दावेदारों ने सर्वसम्मति से नाम वापस लिए। इसके बाद पुष्कर तेली के नाम की घोषणा हुई, जो वर्तमान में उप जिला प्रमुख हैं और पूर्व में गोगुंदा प्रधान भी रह चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता