गैस और पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार वृद्धि से जनता परेशान : विजय रावत

देवरिया, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बुधवार को

गैस सिलेंडर और पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने बरहज तहसील रोड पर प्रदर्शन किया। सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार विरोधी नारे लगाए और बढ़ती महंगाई के खिलाफ बुधवार को आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विजय रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया है। गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता हासिल की थी, लेकिन उसके शासनकाल में महंगाई लगातार बढ़ती गई और जनता को राहत नहीं मिल सकी।

विजय रावत ने कहा कि रसोई गैस से लेकर आवश्यक वस्तुओं तक के दाम बढ़ने से गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण लगाने का प्रयास किया जाएगा और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से बढ़ती महंगाई पर तत्काल अंकुश लगाने की मांग की। इस अवसर पर विकास यादव, संजय निषाद, राहुल त्रिपाठी, आलोक तिवारी, वीरेंद्र यादव, इमाम अंसारी, भोलू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

-----------

   

सम्बंधित खबर