90 कंटेनरों में 2457 टन चावल लेकर रक्सौल से गुवाहाटी के लिए रवाना हुई पहली मालगाड़ी

पूर्वी चंपारण,01 जून (हि.स.)। पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत रक्सौल रेलवे जंक्शन के माल गोदाम से पहली बार गुड्स का आउटवर्ड्स मूवमेंट शुरू हुआ। रक्सौल स्थित चावल उत्पादन कंपनी रिपुराज एग्रो प्राइवेट लिमिटेड की ओर से असम के गुवाहाटी (आमीनगांव) के लिए 90 कंटेनरों में 2457 टन चावल भेजा गया।

कंपनी के निदेशक रिपु रमन ने कहा कि रक्सौल से पहली बार कंटेनर लोड होकर जाना ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने बताया कि कॉनकॉर के सहयोग से यह संभव हो सका है।

भविष्य में हर माह 4 से 5 कंटेनर रैक देश के अलग-अलग हिस्सों के लिए भेजने की योजना है। आगे चलकर विदेशों में निर्यात होने वाले चावल की लोडिंग भी रक्सौल से की जाएगी। वहीं रेल अधिकारियों ने बताया कि इस आउटवर्ड्स मूवमेंट से रेलवे को करीब 54 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होगा।

मौके पर स्टेशन अधीक्षक अजय राम, यातायात निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, कॉनकोर के क्षेत्रीय अधिकारी सुमन कुमार बेहरा तथा लॉजिस्टिक कंपनी प्रतिनिधि शेखर लोहिया मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस पहल से रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर