
सोनीपत, 15 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा में नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने
शुक्रवार रात अपने मेयर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। नगर निगम के लिए प्रत्याशियों
में सोनीपत से राजीव जैन पर विश्वास जताया है। राजीव जैन ने बताया कि 17 फरवरी को सुबह
हवन करने के बाद वे नामांकन करने जाएंगे। सोनीपत निवासी राजीव जैन हरियाणा सरकार में मीडिया सलाहकार
रह चुके हैं।
वे कैबिनेट मंत्री और दो बार की विधायक कविता जैन के पति हैं। 12 फरवरी
1964 को जन्मे राजीव जैन ने राजनीति में आने से पहले 1986 से 1993 तक पत्रकारिता की।
बीकॉम तक पढ़ाई की है। राजीव जैन ने प्रथम वक्तव्य में कहा कि मैं पार्टी हाईकमान और
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी,
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली का धन्यवाद करता
हूं। मैं पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा और जनता के लिए काम करूंगा।
उन्होंने दावा किया कि हरियाणा और सोनीपत में ट्रिपल इंजन
सरकार (नगर निगम, राज्य और केंद्र सरकार में बीजेपी की सत्ता) बनने से विकास की गति
तेज होगी। राजीव जैन ने कहा कि सोनीपत नगर निगम के अंतर्गत शहर के विकास को लेकर उनकी
कई योजनाएं हैं। वे सीवरेज, जलभराव, पीने के पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता
देंगे। उन्होंने 2014-2019 के दौरान भाजपा सरकार के कार्यकाल में किए गए कार्यों का
जिक्र करते हुए कहा कि कुछ परियोजनाएं अधूरी रह गई थीं, जिन्हें अब पूरा किया जाएगा।
सोनीपत शहर के विकास का खाका उनके ध्यान में पहले से ही मौजूद है। 1996 में भाजपा-हरियाणा
विकास पार्टी गठबंधन सरकार के दौरान उन्होंने पीने के पानी की समस्या के समाधान के
लिए एक प्रोजेक्ट शुरू करवाया था। अब दोबारा नहर से पानी लाने की योजना तैयार हो चुकी
है, जो मार्च तक पूरी होने की उम्मीद है।
राजीव जैन ने 1985 में अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद पूरे
राज्य में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के खिलाफ पदयात्रा की। 1993 में चौधरी बंसीलाल के
नेतृत्व में हरियाणा विकास पार्टी से जुड़े और पार्टी के राज्य महासचिव बने। 1996 से
1999 तक हरियाणा विकास पार्टी-भाजपा गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री बंसीलाल के मीडिया
सलाहकार रहे। उन्होंने 2000 में एचवीपी के टिकट पर सोनीपत विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा
और 18,000 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। 2005 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार
के रूप में चुनाव लड़ा और 30,000 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर आए। बाद में, 2007 में
वे भाजपा में शामिल हुए और तब से पार्टी के विभिन्न पदों पर रहे। 2008 में उन्हें भाजपा
का प्रदेश मीडिया प्रभारी बनाया गया।
प्रदेश अध्यक्ष कृष्णपाल गुर्जर, रामबिलास शर्मा
और सुभाष बराला के कार्यकाल में उन्होंने अलग-अलग पदों की जिम्मेदारी निभाई। 2018 से
2019 तक वे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के मीडिया सलाहकार रहे।
राजीव जैन ने कहा कि मैंने 38 वर्षों तक सोनीपत की जनता की
सेवा की है और आगे भी करता रहूंगा। उन्होंने जनता से ट्रिपल इंजन सरकार बनाने में सहयोग
देने की अपील की, ताकि सोनीपत का विकास तेज़ी से हो सके। बीजेपी द्वारा घोषित मेयर
उम्मीदवारों की सूची और राजीव जैन के संभावित नामांकन को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं।
पार्टी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन राजीव जैन के समर्थक पहले
ही जश्न मनाने लगे हैं। अब देखना होगा कि आगामी नगर निगम चुनाव में बीजेपी और अन्य
दलों के बीच मुकाबला कैसा रहता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना