कर्नाटक बजट पर भाजपा का वार, कहा- तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है कांग्रेस

नई दिल्ली, 7 मार्च (हि.स.)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को राज्य का बजट पेश किया। इस बजट में मुसलमानों का विशेष ध्यान रखा गया है। कर्नाटक के इस बजट को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा हमला करते हुए इसे मुस्लिम लीग का बजट बताया है।

शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय सचिव अनिल एंटनी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 140 करोड़ भारतीयों को 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर सशक्त बनाने के लिए समर्पित हैं। हमारा विकास मंत्र है- सभी का सशक्तीकरण और किसी का तुष्टीकरण नहीं।

हालांकि, कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय पर अपनी साख को नजरअंदाज करती दिख रही है और तेजी से मोहम्मद अली जिन्ना की मुस्लिम लीग के आधुनिक संस्करण में तब्दील होती जा रही है।

हाल ही में कर्नाटक ने अपने नए आइकन औरंगजेब से प्रेरित बजट जारी किया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वक्फ संपत्तियों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और मुस्लिम कब्रिस्तानों के बुनियादी ढांचे और संरक्षण के लिए 150 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृति की है। कांग्रेस संविधान के खिलाफ धर्म के आधार पर आरक्षण देने का काम कर रही है। हम धर्म के आधार पर समाज को बांटने वाली कांग्रेस सरकार की नीति का विरोध करते हैं। कांग्रेस सिर्फ मुसलमानों को ही अल्पसंख्यक मानती है और अन्य वास्तव में हाशिए पर रहने वाले समुदायों को नजरअंदाज करती है। मुसलमानों के पास पहले से ही शिक्षा और रोजगार में आरक्षण है, जो संविधान के खिलाफ है। अब उन्हें सरकारी ठेकों में 4 प्रतिशत आरक्षण देना तुष्टीकरण की राजनीति का चरम है। भाजपा इसका विरोध करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

   

सम्बंधित खबर