भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री के आरोपों की आलोचना की

नई दिल्ली, 17 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी के आरोपों की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना ने मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए भी अनेक बार अपने पद की गरिमा को तार तार किया और आज जब कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं तब भी अपने पद की गरिमा का ध्यान रखे बिना बयानबाजी कर रही हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश कार्यालय पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पद पर नियुक्त होने पर आतिशी मार्लेना ने मुख्यमंत्री की कुर्सी के साथ खाली कुर्सी रखी। वहीं बार - बार आम आदमी पार्टी मुखिया अरविंद केजरीवाल ने उन्हे अस्थाई मुख्यमंत्री कह कर मुख्यमंत्री पद की गरिमा को तोड़ा।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आतिशी मार्लेना बतायें कि आज उन्हे मुख्यमंत्री नियुक्ति की चिंता हो रही है परन्तु उन पांच महीने वह चिंता कहां थी, जब केजरीवाल जेल में थे और पद लावारिस था।

सचदेवा ने कहा कि यह खेदपूर्ण है कि आतिशी मार्लेना कार्यवाहक मुख्यमंत्री रहते हुए भी अब लगातार अपने पद का दुरुपयोग कर दिल्ली में बिजली कटौती से लेकर नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों द्वारा लूट जैसी अनर्गल टिप्पणियां कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि आतिशी मार्लेना जानती हैं की वह पुनः विधायक जरूर चुन गई हैं पर उनके पास कोई राजनीतिक जमीन नही है और ना ही वह संघर्ष शक्ति है, जो विपक्ष के नेता में होनी चाहिए।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा में आंतरिक कलह की मनगढ़ंत टिप्पणी करने से पहले आतिशी मार्लेना आम आदमी पार्टी में चल रहे असली सत्ता संघर्ष पर जवाब दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर