अपराधियों को हर हाल में मिलेगी कठोरतम सजा : संजय सरावगी

दरभंगा, 16 मई (हि.स.)।

शहर के हसन चौक स्थित दुर्गा मंदिर के समीप चैन छीनने के दौरान हुई गोलीबारी में चाय दुकानदार स्वर्गीय श्रवण राम की मौत के बाद शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संनजय सरावगी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस दुःख की घड़ी में पूरा प्रशासन एवं सरकार उनके साथ खड़ी है तथा घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

नगर विधायक सरावगी ने कहा कि बिहार में भाजपानीत राजग सरकार सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। अपराधियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें कठोरतम सजा दिलाने की दिशा में पुलिस प्रशासन सक्रिय है। उन्होंने कहा कि राज्य और जिले में कई ऐसे उदाहरण हैं, जहां अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई कर कानून का सख्ती से पालन कराया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद से ही वे राज्य के वरीय अधिकारियों, जिला पुलिस प्रशासन तथा एसएसपी के लगातार संपर्क में हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी को लेकर गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्रवण राम ने अपराधियों का साहसपूर्वक विरोध किया, जिसके कारण उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी। उनका यह साहस समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने एवं अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

---------------

   

सम्बंधित खबर