दासपुर में छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोप पर हंगामा, शिक्षक को जूतों की माला पहनाकर किया प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 11 जून (हि. स.)। जिले के दासपुर क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक पर छात्राओं से अनुचित व्यवहार का आरोप लगने के बाद बुधवार को भारी हंगामा हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शिक्षक का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और केंद्रीय बल को मौके पर पहुंचना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, एरेटी नेताजी प्राथमिक विद्यालय की कुछ छात्राओं ने अपने परिजनों को बताया कि टिफिन के समय एक शिक्षक उन्हें अलग बुलाकर अनुचित तरीके से छूते थे और उनके साथ गलत व्यवहार करते थे। परिजनों का आरोप है कि इस प्रकार की घटनाएं पहले भी हुई हैं।
आरोप सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपित शिक्षक स्वपन कांदार को पकड़कर जूतों की माला पहनाई और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
घटना की जानकारी पाकर पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे तथा शिक्षक को वहां से सुरक्षित निकालकर अपने साथ ले गए। इसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
वहीं, बुधवार देर शाम आरोपित शिक्षक ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह विद्यार्थियों को स्नेह और अपनत्व के साथ पढ़ाते हैं। उनका दावा है कि राजनीतिक कारणों से उन्हें निशाना बनाया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनके किसी व्यवहार से किसी को ठेस पहुंची है तो वह उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और आरोपों की पुष्टि होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
---------------

