बीएमएस ने ठेका श्रमिकों के लंबित भुगतान का मुद्दा उठाया, आंदोलन की दी चेतावनी
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
पश्चिम बर्दवान, 04 जुलाई (हि. स.)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ की ओर से शनिवार को बीएमएस कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रेस वार्ता में संघ के पदाधिकारियों ने ठेका श्रमिकों के लंबित वेतन, श्रमिक अधिकारों और केंद्र सरकार के श्रम संबंधी आदेशों के अनुपालन को लेकर इस्को प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के अध्यक्ष महेश बनर्जी ने कहा कि ठेका श्रमिकों के वेतन भुगतान, कार्यस्थल पर सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को लेकर प्रबंधन को कई बार मांगपत्र सौंपे जा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमित रूप से कार्य कराने के बावजूद बड़ी संख्या में श्रमिकों को समय पर मजदूरी नहीं मिल रही है, जिससे हजारों श्रमिक और उनके परिवार आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कई ठेकेदारों का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है, जिसका सीधा असर श्रमिकों के वेतन पर पड़ रहा है।
संघ ने मांग की कि सभी लंबित बकाया राशि का अविलंब भुगतान किया जाए तथा ठेका श्रमिकों के वैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा 24 दिसंबर 2023 को जारी श्रमिक हितों से जुड़े आदेश का हवाला देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर निरीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जानी थीं, लेकिन अब तक उनका समुचित पालन नहीं हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से भी इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर श्रमिकों को उनका अधिकार दिलाने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित भुगतान और अन्य मांगों का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
संवाददाता सम्मेलन में महेश बनर्जी, संजीत बनर्जी, संजीत कुमार, श्रीकांत शाह सहित बर्नपुर इस्पात कर्मचारी संघ एवं बर्नपुर ठेकेदार मजदूर संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।
---------------

