जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास, बर्नपुर में तीन दिवसीय शिविर शुरू
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
पश्चिम बर्दवान, 15 जून (हि. स.)। बर्नपुर के संप्रीति भवन में सोमवार को तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पाल, जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम सहित प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कुल 54 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि यह शिविर 15, 16 और 17 जून तक चलेगा और अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम ने कहा कि राज्यव्यापी स्तर पर प्रत्येक ब्लॉक कार्यालय क्षेत्र में तीन दिवसीय जनकल्याणकारी योजना शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बर्नपुर क्षेत्र में यह शिविर लगाया गया है, जहां पीएम आयुष्मान भारत योजना, पीएम उज्ज्वला योजना, अन्नपूर्णा योजना सहित कुल 54 योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन महिलाओं ने पहले से ऑनलाइन माध्यम से अन्नपूर्णा योजना के लिए आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा शिविर में आकर आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।
शिविर के दौरान लोगों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।
---------------

