प्राथमिक शिक्षक भर्ती मामले में अभिषेक बनर्जी को ईडी का समन, नोटिस देने आवास पर पहुंची टीम
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
कोलकाता, 03 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के चर्चित प्राथमिक शिक्षक भर्ती अनियमितता मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को तलब किया है। बुधवार को ईडी के दो अधिकारी उन्हें नोटिस देने के लिए कोलकाता के कालीघाट स्थित उनके आवास पहुंचे, लेकिन उस समय अभिषेक वहां मौजूद नहीं थे, जिसके कारण नोटिस उनके हाथों में नहीं सौंपा जा सका।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती मामले की जांच के तहत अभिषेक बनर्जी को 15 जून को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। इसी संबंध में जांच एजेंसी के अधिकारी उनके आवास पर समन देने पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, जब ईडी की टीम कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची, तब अभिषेक बनर्जी घर पर नहीं थे। बताया जा रहा है कि वह उस समय तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के आवास से सटे पार्टी कार्यालय में मौजूद थे। इस कारण ईडी अधिकारी उन्हें व्यक्तिगत रूप से नोटिस नहीं दे सके।
प्राथमिक शिक्षक भर्ती अनियमितता मामले की जांच पहले से ही विभिन्न केंद्रीय एजेंसियों के रडार पर है और इस मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। अब अभिषेक बनर्जी को समन भेजे जाने से राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।
हालांकि, ईडी की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, अभिषेक बनर्जी या तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी समन को लेकर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
जांच एजेंसी के सूत्रों का कहना है कि 15 जून को अभिषेक बनर्जी से प्राथमिक भर्ती मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा सकती है।

