महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : भाजपा गठबंधन के छह उम्मीदवार निर्विरोध बनेंगे विधायक
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
मुंबई, 04 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026 के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन के छह उम्मीदवारों का निर्विरोध विधायक बनने का रास्ता गुरुवार को साफ हो गया है। हालांकि इन छह उम्मीदवारों की घोषणा चुनाव आयोग अन्य ११ सीटों पर चुनाव व मतगणना करने के बाद ही करेगा। राज्य में विधान परिषद की 17 सीटों पर मतदान 18 जून को होने वाला है।
महाराष्ट्र विधान परिषद की 17 सीटों के लिए आज नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख थी। इन सभी सीटों पर कई जगहों पर बगावत हुई थी, लेकिन भाजपा गठबंधन बगावत को रोकने में कामयाब रही है। भाजपा और भाजपा के सहयोगी दलों के उम्मीदवार 17 में से 6 सीटें बिना विरोध के जीतने में कामयाब रहे हैं। इनमें ठाणे सीट पर शिंदे समूह के रवींद्र फाटक, कोंकण सीट पर राकांपा एपी के अनिकेत तटकरे, यवतमाल सीट से शिंदे समूह के दृश्यन चतुर्वेदी, वर्धा-गढ़चिरौली-चंद्रपुर सीट पर भाजपा के अरुण लखानी, पुणे सीट पर राकांपा एपी के विक्रम काकड़े और अहिल्यानगर सीट पर भाजपा के प्राजक्त तनपुरे बिना विरोध के चुने गए। इन सीटों पर विपक्षी उम्मीदवारों ने आज अपना नामांकन वापस ले लिया है।
विधानपरिषद चुनाव निर्विरोध कराये जाने का प्रयास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ओर से किया गया था। इसके लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले और गिरीश महाजन निर्दलीय और विपक्षी विधायकों को समझाने का प्रयास कर रहे थे। इस वजह से आज नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख थी। आज विपक्षी उम्मीदवारों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने छह सीटों पर अपना नामांकन वापस ले लिया। इससे इन सभी छह सीटों पर भाजपा गठबंधन के छह उम्मीदवारों का चुनाव जीतना लगभग तय हो गया है, लेकिन चुनाव आयोग इसकी घोषणा मतदान के बाद ही करेगा।
---------------

