सीमा सुरक्षा बल राष्ट्र की रक्षा के लिए दीवार बनकर खड़ा है : एम एल गर्ग
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
जोधपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्र सेवा के लिए आंतरिक सुरक्षा दस्ते के रूप में सीमा सुरक्षा बल के जवान और अधिकारी हर समय अपने संपूर्ण समर्पण के साथ सुरक्षा की अभेद दीवार बनकर सीमाओं पर खड़े हैं। इनके कल्याण के लिए भारत सरकार भी अपने स्तर पर हर संभव प्रयास करती है। समय पर उनके परिवारों की देखरेख , उनकी पदोन्नति , वेतनमान व अन्य कल्याणकारी योजनाओं का निष्पादन भी हमारा कर्तव्य है, जिन्हें हम निष्पादित करते हैं ।
सीमा सुरक्षा बल राजस्थान फ्रंटियर के महा निरीक्षक एमएल गर्ग ने यह उद्गार उपसमादेष्टा नरेश कुमार के रैंक अलंकरण कार्यक्रम में आमंत्रित अधिकारियों, उनके परिवारों और जवानों की उपस्थिति में कहे। भव्य सांस्कृतिक और अनुशासन से लबरेज गरिमामई कार्यक्रम में सर्वप्रथम राष्ट्ररक्षा की शपथ दिलाकर उपसमादेष्टा नरेश कुमार को उनकी पत्नी के साथ गर्ग ने रैंक प्रदान की तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर उपसमादेष्टा नरेश कुमार के परिवार से जीवन सिंह खीचड, आशा चौधरी, राहुल, विनेश , अंजू , मोनिका, अमन, शीतल तथा स्थानीय लोगों में स्काउट गाइड के जिला सचिव डॉ बी एल जाखड़ , पूर्व उप समादेष्टा बी एस खींची सहित सैकड़ो लोगों ने हर्षनाद के साथ अलंकरण समारोह को गौरवान्वित किया।
सीमा सुरक्षा बल के आर्केस्ट्रा दल ने राजस्थानी तथा हिंदी फिल्मी तथा उनकी धुनों पर शानदार संगीत प्रस्तुतियां दी। महानिरीक्षक गर्ग ने सभी आगंतुको के गर्मजोशी से स्वागत के पश्चात परंपरागत बड़ा खाना प्रदान कर सभी का सम्मान किया। गर्ग ने बताया कि वर्दी की सेवाओं में अलंकरण समारोह सैनिक और अधिकारी के लिए अपने सेवाकाल का सबसे महत्वपूर्ण क्षण होता है और इसे यादगार बनाना फ्रंटियर महानिरीक्षक के रूप में हमारा दायित्व बनता है।

