![](/Content/PostImages/8fe7ea4efc56f9789eb4431244dbc5f7_1363902199.jpg)
बागपत, 8 फ़रवरी (हि.स.)। बागपत कारागार में शनिवार को एक कैदी की हार्ट अटैक से मौत हो गयी। मृतक खेकड़ा का रहने वाला था। हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा मिली थी।
खेकड़ा निवासी विकास उर्फ गुड्डू पुत्र सतपाल जिला जेल में कैदी था। उसे व दो अन्य को वर्ष 2015 में पांची निवासी एक व्यक्ति की ट्रक से हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद 2022 में उन्हें आजीवन कारावास की सजा हुई थी। छह माह पहले उसे सीने में दर्द की शिकायत हुई तो जेल प्रशासन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। उसे हार्ट ब्लॉकेज पाया गया था। जेल प्रशासन ने उसका उपचार कराकर उसे स्टंट डलवाए थे। उसके बाद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। तभी से उसकी तबीयत खराब रहने लगी थी। जेल अधीक्षक राजेश राय ने बताया कि शनिवार को हार्ट अटैक आने पर बंदी को उपचार के लिए तत्काल ही जिला अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शनिवार को विकास उर्फ गुड्डू की पत्नी कौशल उससे मिलने के लिए जिला जेल गई थी। वह मिलने के लिए पर्ची आदि सब बनवा चुकी थी लेकिन जब वह पहुंची तो उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी