शिवलिंग वाली बात कहने के पीछे अखिलेश यादव की मंशा सनातन का अपमान: बंटू

बलिया, 30 दिसम्बर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री व सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा मुख्यमंत्री आवास की खुदाई में शिवलिंग निकलने का दिए गए बयान पर जिले के भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू ने सोमवार को जारी अपने एक बयान में कहा कि शिवलिंग वाली बात कहने के पीछे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मंशा शिव, संत व सनातन का अपमान करना है।

अरुण सिंह बंटू ने कहा कि अखिलेश यादव एक धर्म विशेष के लोगों को खुश करने के लिए सनातन और सनातन संस्कृति का अपमान कर रहे हैं, जो निंदनीय है। भारतीय मूल दर्शन सनातन धर्म को दर्शाते हैं। इस तरह हिन्दू, बौद्ध, जैन एवं सिख धर्म उस व्यवस्था को मजबूत करते हैं। यद्यपि इन धर्मों को अपने-अपने परिवेश में विकसित होने में धार्मिक स्वतंत्रता अवश्य रही, परंतु सांस्कृतिक एकता बनी रही। भारतीय संस्कृति के समग्र विकास में भारत के सभी धर्मों ने अपना-अपना योगदान दिया। इस प्रकार भारत की सामाजिक व्यवस्था धार्मिक एवं सांस्कृतिक होते हुए भी वैज्ञानिक विचारों को हमेशा आत्मसात करती रही। विकास की नई सम्भावनाओं को संबल प्रदान करती रही। धर्म के मार्गदर्शन में ही भारतीय चिंतन व्यवस्था पनपी और कालांतर में विश्व की चिंतन व्यवस्थाओं और मान्यताओं को प्रभावित करती रही। परिणामस्वरूप भारत धर्म गुरु के रूप में स्थापित हुआ और इस तरह भारत का सम्बंध विश्व में प्रभावी रूप से कायम हुआ। आरोप लगाया कि अखिलेश यादव हमेशा सनातन का अपमान करने में लगे रहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

   

सम्बंधित खबर