शिमला में भाजपा के नए प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास: राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया भूमि पूजन
- Admin Admin
- Dec 13, 2025
शिमला, 13 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को शिमला के मजठाई क्षेत्र में प्रस्तावित भाजपा प्रदेश कार्यालय का विधिवत शिलान्यास किया। एयरपोर्ट रोड पर डीएवी स्कूल के समीप आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नड्डा के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
शिलान्यास से पहले नड्डा ने करीब 45 मिनट तक चले विधि-विधानपूर्ण पूजन में भाग लिया। पांच पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिलान्यास की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उन्होंने शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया और कलश स्थापना भी की। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर भक्ति और अनुशासन का वातावरण बना रहा।
भूमि निरीक्षण के समय भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रस्तावित प्रदेश कार्यालय भवन की योजना की जानकारी दी। उन्होंने भवन की संरचना, विभिन्न कार्यालयों की व्यवस्था और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए इसकी उपयोगिता पर विस्तार से बताया। नड्डा ने इस दौरान भवन की कार्यात्मक जरूरतों और भविष्य में संगठन के विस्तार को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुझाव भी दिए।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद नड्डा ने कार्यकर्ताओं के साथ अनौपचारिक बातचीत भी की। चाय पर हुई इस चर्चा में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया। नड्डा ने कहा कि नया प्रदेश कार्यालय भाजपा संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा देगा तथा कार्यकर्ताओं के लिए यह एक मजबूत केंद्र के रूप में काम करेगा।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सतपाल सत्ती, सुरेश कश्यप, राजीव भारद्वाज सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा



