बिना पंजीकरण अमरनाथ यात्रा पर रोक, लखनपुर में रोके गए श्रद्धालु

Ban on unregistered Amarnath Yatra; pilgrims stopped at Lakhanpur.


कठुआ, 05 जुलाई । श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान बिना पंजीकरण के जम्मू-कश्मीर पहुंचे श्रद्धालुओं को जिला प्रशासन ने लखनपुर कॉरिडोर सेंटर में रोक दिया है। प्रशासन का कहना है कि अत्यधिक भीड़, खराब मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

डिवीजनल कमिश्नर जम्मू रमेश कुमार ने लखनपुर स्थित यात्री कॉरिडोर का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां रुके यात्रियों से बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण के आए श्रद्धालुओं को फिलहाल आगे जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर पहुंच रहे हैं जिनमें कई बिना पंजीकरण के भी शामिल हैं जिसके कारण भारी भीड़ की स्थिति बन गई है। डिवीजनल कमिश्नर ने बताया कि लगातार बारिश और मार्ग की खराब स्थिति के चलते यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है इसलिए एहतियातन उन्हें लखनपुर में ही रोका गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही पहले से पंजीकृत श्रद्धालु दर्शन कर वापस लौटेंगे और भीड़ में कमी आएगी, तब इन यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।

इस दौरान लखनपुर में रुके श्रद्धालुओं ने प्रशासन से आगे जाने की अनुमति देने की मांग भी की लेकिन अधिकारियों ने उन्हें समझाते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उन्हें कुछ समय तक इंतजार करना होगा। निरीक्षण के दौरान एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा भी डिवीजनल कमिश्नर के साथ मौजूद रहीं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर आने से पहले अनिवार्य रूप से पंजीकरण कराएं और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

---------------

   

सम्बंधित खबर