पाकिस्तान हैंडलर शहजाद भट्टी से जुड़े युवक को बाड़मेर पुलिस ने पकड़ा
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
बाड़मेर, 03 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) के इनपुट पर बाड़मेर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में होने के संदेह में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित को बॉर्डर क्षेत्र के गागरिया गांव से हिरासत में लेकर रामसर थाने में मामला दर्ज किया गया है। अब पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम उससे गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि गागरिया निवासी बशीर (20) पुत्र आमदन खान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में उसके संबंध गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उससे विस्तृत पूछताछ की जा रही है और जांच के बाद ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।
एटीएस लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शहजाद भट्टी को फॉलो करने वाले और उससे जुड़े संदिग्ध खातों पर नजर रखे हुए थी।
इसी अभियान के तहत शुक्रवार को प्रदेशभर में कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और उनके सोशल मीडिया अकाउंट व ऑनलाइन गतिविधियों की जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बशीर पहले गुजरात में काम करता था और कुछ महीने पहले ही अपने पैतृक गांव गागरिया लौटकर रहने लगा था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका शहजाद भट्टी से संपर्क कैसे स्थापित हुआ, वह किन लोगों के संपर्क में था और उसकी गतिविधियों का दायरा कितना व्यापक था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल पूरे मामले की जांच एटीएस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम कर रही है।
---------------

