सप्ताहांत से पहले बदला मौसम, दक्षिण बंगाल के कई इलाकों में झमाझम बारिश

कोलकाता, 19 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सप्ताहांत से पहले मौसम का मिजाज बदल चुका है। कोलकाता शाहिद दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में गुरुवार शाम से ही झमाझम बारिश का दौर जारी है। अलीपुर मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि शनिवार और रविवार को कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले तीन दिनों में दक्षिण बंगाल के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

पिछले कुछ दिनों से कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। गुरुवार रात हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह भी कई इलाकों में बौछारें पड़ीं, जिससे लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार सप्ताहांत तक यह राहत बनी रहने की संभावना है।

इधर आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। ऐसे में सप्ताहांत का मौसम कार्यक्रमों को प्रभावित कर सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान, पुरुलिया और बांकुड़ा में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि शनिवार से राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

पूर्व बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, नदिया, हुगली, पुरुलिया, बांकुड़ा और उत्तर 24 परगना में वज्रपात की आशंका अधिक जताई गई है। झड़-बूंदाबांदी और बारिश के कारण इन जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।

वहीं उत्तर बंगाल में भारी से अति भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन, निचले क्षेत्रों में जलभराव और नदियों के जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

इसके अलावा शनिवार और रविवार को उत्तर दिनाजपुर में भारी बारिश जबकि मालदा, दक्षिण दिनाजपुर और उत्तर दिनाजपुर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर