भैरोसिंह शेखावत की कार्यशैली नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा — केंद्रीय मंत्री शेखावत

उदयपुर, 15 मई (हि.स.)।

पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत की पुण्यतिथि पर उदयपुर में आयोजित पुष्पांजलि एवं संगोष्ठी कार्यक्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन को जनसेवा, ईमानदारी और सुशासन का प्रतीक बताया।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि “बाबोसा” के नाम से प्रसिद्ध भैरोसिंह शेखावत ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में सादगी, पारदर्शिता और विकास आधारित राजनीति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने गरीब, किसान और जरूरतमंद लोगों के हितों को केंद्र में रखकर कार्य किया। शेखावत ने कहा कि बाबोसा की कार्यशैली, दूरदर्शी सोच और आमजन से सीधा संवाद आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि आज भी लोग भैरोसिंह शेखावत को सम्मान और आदर के साथ याद करते हैं, क्योंकि उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को दिए गए संदेश पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है और इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण संदेश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि बिना डर और घबराहट का माहौल बनाए सभी नागरिकों को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। “सबका प्रयास और सबका विश्वास” की भावना के साथ देश हर चुनौती का मजबूती से सामना कर सकता है। उन्होंने राष्ट्रहित में एकजुट होकर देश के साथ खड़े रहने की अपील भी की।

पत्रकारों द्वारा काफिले की गाड़ियों की संख्या कम किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब सभी ने काफिलों की गाड़ियां कम कर दी हैं और यह आवश्यक भी है। कार्यक्रम में उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपालसिंह राठौड़ सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर