कांग्रेस ने भक्त चरण दास को ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया

नई दिल्ली, 11 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस ने मंगलवार को भक्त चरण दास को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस आशय का पत्र जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस पद पर उनकी नियुक्ति की है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। उसके बाद जुलाई 2024 में पूरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग कर दिया गया था। भक्त चरण दास इससे पहले लोकसभा के सदस्य रहने के साथ बिहार कांग्रेस प्रभारी भी रहे हैं।

भक्त चरण दास ने लॉ में स्नातक की डिग्री हासिल की है। राजनीति में आने से पहले उन्होंने एक वकील के रूप में काम किया। उन्होंने मानवाधिकार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में काम किया। वह 9वीं, 11वीं और 15वीं लोकसभा के सदस्य रहे और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और महासचिव भी रहे हैं। इसके अलावा वे 1989 से 1990 तक युवा मामले और खेल मंत्रालय में उप मंत्री और 1990 से 1991 तक केंद्रीय राज्य मंत्री भी रहे।

इसके अलावा, पार्टी ने डॉ विक्रांत भूरिया को अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह एडवोकेट शिवाजीराव मोघे का स्थान लेंगे। पार्टी ने मोघे के कार्यकाल में उनके अप्रतिम योगदान की सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दधिबल यादव

   

सम्बंधित खबर