मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा को मिला जनसमर्थन, कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना: राजेंद्र राणा
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
हमीरपुर, 01 जून। (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर द्वारा सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला गया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा, जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पत्रकार वार्ता की शुरुआत करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पंचायत समिति, जिला परिषद और अन्य स्थानीय निकाय चुनावों के परिणामों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिले में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिला व्यापक जनसमर्थन प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यशैली के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के गृह जिले में भाजपा की सफलता जनता के स्पष्ट जनादेश का संकेत है।
प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार लंबे समय तक स्थानीय निकाय और पंचायतीराज चुनावों को लेकर असमंजस में रही तथा विभिन्न कारणों का हवाला देकर चुनाव टालने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि अब चुनाव परिणामों ने सरकार के प्रति जनता की वास्तविक भावना को उजागर कर दिया है।
राणा ने दावा किया कि हमीरपुर जिला परिषद की 19 सीटों में कांग्रेस को केवल एक सीट पर सफलता मिली, जबकि अधिकांश सीटों पर उसे निराशाजनक परिणामों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के प्रति घटते जनविश्वास का संकेत है। साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायत समितियों और जिला परिषदों में भाजपा को प्राप्त समर्थन के आधार पर पार्टी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर भी अपना नेतृत्व स्थापित करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है, जिससे कर्मचारियों, महिलाओं और अन्य वर्गों में असंतोष बढ़ा है। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले नेताओं के संबंध में राणा ने कहा कि ऐसे मामलों को अनुशासन समिति के पास भेज दिया गया है और अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।

