भाजपा ने ‘नो टू ड्रग्स’ मुहिम के लिए प्रदेश व जिला स्तर पर गठित की टीमें
- Admin Admin
- Mar 05, 2025

शिमला, 05 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। पार्टी ने ‘‘नो टू ड्रग्स’’ अभियान के तहत प्रदेश और जिला स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया है। यह निर्णय प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुई एक वर्चुअल बैठक में लिया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
प्रदेश व संसदीय क्षेत्र स्तर पर जिम्मेदारी
अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर को संयोजक और प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल को सह-संयोजक बनाया गया है।
इसके अलावा, चारों संसदीय क्षेत्रों में संयोजकों की नियुक्ति की गई है। सांसद एवं प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र, प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद को शिमला, प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य को मंडी और प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का संयोजक नियुक्त किया गया है।
जिला स्तर पर भी गठित की गईं टीमें
डॉ. बिंदल ने बताया कि जिला स्तर पर भी संयोजकों की नियुक्ति की गई है। इसमें व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक गोविंद ठाकुर को मंडी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राहुल सोलंकी को कुल्लू, अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नितेन कुमार को सुंदरनगर, प्रदेश सचिव मनीष चौहान को सिरमौर, पूर्व मंडल महामंत्री अभिषेक ठाकुर को सोलन, पूर्व डिप्टी मेयर राकेश शर्मा को शिमला, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कड़शोली को महासू, देव समाज प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक अभिषेक पाधा को देहरा, किसान मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र राणा को ऊना, सैनिक प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक कमलेश परमार को हमीरपुर और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवीन शर्मा को बिलासपुर का संयोजक बनाया गया है।
चिकित्सीय परामर्श के लिए डॉक्टरों की टीम
नशे के खिलाफ अभियान को मजबूत करने के लिए चिकित्सीय परामर्श एवं तकनीकी जानकारी देने के उद्देश्य से प्रदेश और जिला स्तर पर डॉक्टरों की टीम गठित की गई है। प्रदेश स्तर पर डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. दलजीत बन्याल, डॉ. जीवनंद, डॉ. सुरेंद्र परमार, डॉ. सुभाष राणा, डॉ. राजकुमार चौधरी सहित अन्य डॉक्टरों को शामिल किया गया है। वहीं, जिला स्तर पर भी संयोजक, सह संयोजक और सदस्यों की नियुक्तियां की गई हैं।
भाजपा का संकल्प: हर गांव तक जागरूकता अभियान
डॉ. बिंदल ने कहा कि यह अभियान हिमाचल प्रदेश के जनमानस में नशे के प्रति सम्पूर्ण जागरूकता फैलाने का एक निर्णायक अवसर है। भाजपा इसे मंडल स्तर तक ले जाकर व्यापक अभियान चलाएगी, जिसमें समाज के प्रभावशाली लोगों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से हजारों लोग इस अभियान से जुड़ेंगे।
शीघ्र कार्यशाला आयोजित होगी
डॉ. बिंदल ने बताया कि जल्द ही मंडल स्तर की टीमों के साथ एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित कर अभियान को गति दी जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अभियान संयोजक संजीव कटवाल, संसदीय क्षेत्र संयोजक डॉ. राजीव भारद्वाज, रश्मिधर सूद, पायल वैद्य और महेंद्र धर्माणी ने भी अपने विचार रखे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा