अनूपपुर: खेत में बने मकान में संदिग्ध हालत में मिला अधेड़ का शव, जांच में जुटी पुलिस
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
अनूपपुर, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर के कोतमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत निगवानी में सोमवार की दोपहर 47 वर्षीय सतानंद तिवारी का शव खेत में बने निर्माणाधीन मकान में संदिग्ध हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच कर पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौप कर जांच प्रारंभ कर दी हैं।
कोतमा थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला ने बताया कि शुरुआती पूछताछ और जानकारी के मुताबिक, मृतक सतानंद तिवारी पिछले लंबे समय से नशे के आदी थे। इसके साथ ही वे किसी गंभीर बीमारी से भी जूझ रहे थे। अनुमान है कि सतानंद अक्सर अपने घर से खेत वाले इस अधूरे मकान में आते-जाते रहते थे। मुमकिन है कि रविवार की रात भी वे इसी मकान में आए थे, जहां बहुत ज्यादा नशा करने के कारण वे अचानक जमीन पर गिर पड़े। गिरने की वजह से उनके सिर में गंभीर चोट आई और ज्यादा खून बह जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस हादसे और हत्या दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

