कतर ने पाकिस्तान की मध्यस्थता को दिया पूरा समर्थन, अमेरिका-ईरान समझौते पर जताई उम्मीद
- DSS Admin
- Jun 13, 2026
दोहा/इस्लामाबाद, 13 जून (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी वार्ता प्रक्रिया के बीच कतर ने पाकिस्तान की मध्यस्थता भूमिका का खुलकर समर्थन किया है। कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल-थानी ने शनिवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से टेलीफोन पर बातचीत कर क्षेत्रीय शांति प्रयासों पर चर्चा की।
कतर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अल-थानी ने अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बातचीत में आगे बढ़ रहे सकारात्मक घटनाक्रम क्षेत्र में स्थायी शांति की उम्मीदों को मजबूत कर रहे हैं।
बातचीत के दौरान पाकिस्तान ने वार्ता की मौजूदा स्थिति से संबंधित जानकारी साझा की। कतर ने इस पर आशा व्यक्त की कि अमेरिकी और ईरानी पक्ष निकट भविष्य में किसी समझौते पर पहुंच सकते हैं और उस पर औपचारिक हस्ताक्षर भी हो सकते हैं।
कतर के प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की मध्यस्थता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनका देश इन प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से रचनात्मक रवैया अपनाने और वार्ता प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सहयोग करने की अपील की।
अल-थानी ने जोर देकर कहा कि व्यापक और टिकाऊ समझौता ही क्षेत्र में स्थायी शांति, स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि संवाद और कूटनीति वर्तमान संकट के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम हैं।
-----------------------

