बारुईपुर कांड : प्रभास मंडल की मौत पर पत्नी बोली, अपराध की सजा मिली
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
दक्षिण 24 परगना, ०8 जुलाई (हि. स.)। बारुईपुर में नाबालिगा की हत्या के मुख्य आरोपित प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत के बाद उसकी पत्नी चंपा मंडल ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। बुधवार सुबह पति की मौत की सूचना मिलने पर उन्होंने कहा कि उसने गलत किया, अपराध किया और गोली खाई। इसमें कहने जैसा कुछ नहीं है।
चंपा मंडल ने कहा कि विवाह के बाद से उन्हें लगातार प्रताड़ना सहनी पड़ी। उनका एक बेटा है, परिस्थितियों के कारण वह घर छोड़ नहीं सकीं। उन्होंने कहा कि पति के व्यवहार को देखते हुए उन्हें पहले से ही विश्वास था कि वह ऐसा अपराध कर सकता है।
उन्होंने बताया कि प्रभास कोई काम नहीं करता था और घर पर ही रहता था। घटना में उसका नाम सामने आने के बाद उन्हें लगा कि वह इस अपराध में शामिल हो सकता है। चंपा ने कहा कि वह यह नहीं कह सकतीं कि प्रभास ने यह अपराध नहीं किया। विवाह के बाद उन्होंने उसके कई गलत काम और अत्याचार देखे हैं। इसलिए वह मानती हैं कि उसी ने यह घटना की है।
उल्लेखनीय है कि गत पांच जुलाई को बारुईपुर में 11 वर्ष की एक नाबालिगा के साथ यौन उत्पीड़न के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को तालाब में फेंक दिया गया था। अगले दिन सुबह बच्ची का शव बोरे में बंद मिला। इस मामले में प्रभास मंडल प्रमुख आरोपितों में शामिल था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 12:45 बजे प्रभाग मंडल को घटनास्थल पर घटनाक्रम के पुनर्निर्माण के लिए ले जाया गया था। इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया, पुलिस पर तान दिया और भागने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस की जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया। उसे बारुईपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बुधवार तड़के पुलिस ने प्रभास के घर पहुंचकर उसके परिजनों को मौत की सूचना दी। बेटे की मौत पर उसकी मां संध्या मंडल ने कहा कि उसने जो किया, उसका यही परिणाम होना था। उन्होंने कहा कि वह बेटे का शव लेने भी नहीं जाएंगी। उनका कहना था कि प्रभास उनकी बात नहीं मानता था और नशा करने का आदी था।
---------------

