कठुआ में नशा तस्करी के आरोपी के अवैध मकान पर चला बुलडोजर प्रशासन ने किया ध्वस्त
- Editor Chief
- Oct 14, 2026
स्टेट समाचार /कठुआ, 14 अक्टूबर। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में नशा तस्करों और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को कठुआ प्रशासन ने पुलिस और राजस्व विभाग की सहायता से नशा तस्करी के आरोपी रूपेश कुमार उर्फ बॉबी के सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्मित मकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई कठुआ जिले के गांव पृथी चक (चक द्राब खान) में की गई। ध्वस्त किया गया मकान रूपेश कुमार उर्फ बॉबी, पुत्र कपूर चंद, निवासी पृथी चक का था। प्रशासन का कहना है कि उक्त मकान सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करके बनाया गया था।
अधिकारियों के मुताबिक, रूपेश कुमार उर्फ बॉबी नशा तस्करी के मामलों में बार-बार संलिप्त रहने का आरोपी है। उसके खिलाफ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकथाम अधिनियम (PITNDPS Act) के तहत कार्रवाई की गई है और वह वर्तमान में जेल में बंद है।
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (Addl. SP) कठुआ और डीएसपी मुख्यालय कठुआ की निगरानी में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी कठुआ, पुलिस पोस्ट नगरी के प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी अभियान में सहयोग किया।
प्रशासन के अनुसार, मकान को ध्वस्त करने की पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और इस दौरान कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
जिला प्रशासन कठुआ ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी। प्रशासन ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों और सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

