फरीदाबाद में अवैध फॉर्म हाउस पर चला बुलडोजर, लोगों का विरोध
- Admin Admin
- Apr 03, 2025

फरीदाबाद, 3 अप्रैल (हि.स.)। फरीदाबाद के बडख़ल क्षेत्र में गुरुवार को बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। वन विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अनंगपुर गांव से लेकर अरावली की पहाडिय़ों तक फैले अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान दर्जनों अवैध फॉर्म हाउस तोड़े गए। टीम ने अनंगपुर गांव में भी वन भूमि पर बने मकानों और डेयरी को ध्वस्त किया। स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने कार्रवाई का विरोध किया। एक महिला बेहोश हो गई, जिसे महिला पुलिसकर्मियों ने संभाला। फॉर्म हाउस मालिकों ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कुछ लोगों के निर्माण तोड़े जा रहे हैं, जबकि कुछ को छोड़ दिया गया है। उन्होंने इसे राजनीति से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थकों को निशाना बनाया जा रहा है। सूरजकुंड थाने के एसएचओ प्रह्लाद ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर की जा रही है। पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया है। उन्होंने लोगों से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करने और शांतिपूर्ण तरीके से कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर