कन्या भोज के दौरान छेडछाड़, मुकदमा दर्ज

विरोध करने पर किशोरी और उसके भाई के साथ मारपीट

हमीरपुर, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में चकदहा गांव में आयोजित कन्या भोज कार्यक्रम के दौरान एक किशोरी से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। विरोध करने पर किशोरी और उसके भाई के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। रविवार को पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र के एक गांव निवासी कल्लू (काल्पनिक नाम) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह परिवार के साथ चकदहा स्थित भगत बाबा के स्थान पर कन्या भोज कराने गया था। कार्यक्रम के दौरान पानी खत्म होने पर उसकी पुत्री हैंडपंप से पानी भरने गई। आरोप है कि वहां मौजूद राहुल यादव ने शराब के नशे में उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ की। शोर सुनकर किशोरी का भाई मौके पर पहुंचा तो आरोप है कि राहुल ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि राहुल की मां और बहन ने भी दोनों भाई-बहन के साथ मारपीट की। पत्थरों से हमला किए जाने से दोनों के सिर में चोटें आईं। वहां से निकलकर डायल-112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा भिजवाया, जहां उनका उपचार कराया गया। मौदहा कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने रविवार को बताया कि तहरीर के आधार पर तीन लोगों पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर