निर्जला एकादशी पर भक्ति और सेवा का संगम: छोटी काशी में उमड़ा जनसैलाब
- DSS Admin
- Jun 25, 2026


जयपुर, 25 जून (हि.स.)। ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी पर गुरुवार को गुलाबी नगरी जयपुर में निर्जला एकादशी श्रद्धा, भक्ति, तप, संयम और सेवा भाव के साथ मनाई गई। इस बार रवि योग, सिद्धि योग, शिव योग और लक्ष्मी नारायण योग जैसे दुर्लभ महासंयोगों के कारण व्रतधारियों, विशेषकर युवाओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली। हजारों श्रद्धालुओं ने निर्जल व्रत रखकर भगवान विष्णु की आराधना की तथा जप, तप, पूजा-अर्चना और हवन के माध्यम से पुण्य अर्जित किया।
छोटी काशी के प्रमुख मंदिरों में विशेष झांकियां सजाई गईं और धार्मिक आयोजन हुए। सुभाष चौक स्थित श्री सरस निकुंज में अलबेली माधुरी शरण महाराज के सान्निध्य में ठाकुर श्री राधा सरस बिहारी सरकार का पंचामृत अभिषेक और विशेष श्रृंगार किया गया। पुरानी बस्ती के श्री गोपीनाथ जी मंदिर, चौड़ा रास्ता स्थित श्री राधा दामोदर जी मंदिर तथा रामगंज बाजार के लाड़लीजी मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और उत्सव आयोजित हुए। मंदिरों में दर्शनार्थियों की लंबी कतारें लगी रहीं।
निर्जला एकादशी पर दान-पुण्य की परंपरा भी पूरे उत्साह से निभाई गई। श्रद्धालुओं ने जल से भरे मटके, छाते, हाथ पंखे, वस्त्र, आम, तरबूज और अन्य उपयोगी सामग्री का दान किया। शहरभर में नई प्याऊ स्थापित की गईं तथा राहगीरों के लिए शीतल जल की व्यवस्था की गई।
वहीं राजधानी में सेवा कार्यों का भी अनूठा नजारा देखने को मिला। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने शहरभर में एक हजार से अधिक स्थानों पर सेवा शिविर लगाकर आमरस, गन्ने का रस, ठंडाई, शरबत, छाछ, लस्सी और आइसक्रीम का वितरण किया। परकोटा क्षेत्र, जौहरी बाजार, चौड़ा रास्ता, मानसरोवर, मालवीय नगर, प्रताप नगर, वैशाली नगर, टोंक रोड, सीकर रोड, सिंधी कैंप और रेलवे स्टेशन सहित अनेक स्थानों पर दिनभर सेवा कार्य चलते रहे।
बैनाड़ पुलिया स्थित 200 फीट बाइपास पर श्री श्याम मित्र मंडल एवं विकास नगर विकास समिति की ओर से आमरस वितरण किया गया। वहीं विश्वकर्मा क्षेत्र में हरि ओम जन सेवा समिति राजस्थान परिवार द्वारा आमरस सेवा शिविर लगाया गया। किशनपोल बाजार में व्यापारियों ने केसर युक्त ठंडाई वितरित की, जबकि पांच्यावाला क्षेत्र में श्री श्याम कृपा मित्र मंडल की ओर से आइसक्रीम वितरण और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम जयपुर ने भी ‘अमृत सेवा अभियान’ के माध्यम से जनसेवा और स्वच्छता का संदेश दिया। निगम ने शहरभर में 225 से अधिक अमृत सेवा स्टॉल लगाकर पांच लाख से अधिक लोगों को शरबत, छाछ, लस्सी, आइसक्रीम और अन्य शीतल पेय पदार्थ वितरित किए। अभियान का शुभारंभ नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने निगम मुख्यालय से किया। अभियान में संभागीय आयुक्त वे. सरवणे, जिला कलक्टर संदेश नायक, निगम आयुक्त ओम कसेरा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भागीदारी निभाई।
अमृत सेवा अभियान की विशेषता यह रही कि सभी स्टॉलों पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए गए तथा लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। नगर निगम ने पांच कच्ची बस्तियों में भी विशेष सेवा शिविर लगाकर जरूरतमंद लोगों तक राहत पहुंचाई।
निर्जला एकादशी पर जयपुर में एक ओर जहां मंदिरों में भक्ति और आराधना का माहौल रहा, वहीं दूसरी ओर सेवा, परोपकार और जनकल्याण की भावना ने इस पर्व को सामाजिक समरसता और मानव सेवा के महापर्व में बदल दिया।
---------------

