सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे का श्रीलंका दौरे के लिए भारत 'ए ' टीम के लिए चयन
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
रायपुर, 06 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के 22 वर्षीय बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे को श्रीलंका दौरे के लिए भारत 'ए ' टीम में चुना गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा घोषित इस 15-सदस्यीय टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को सौंपी गई है, जबकि देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई ) ने श्रीलंका में आयोजित होने वाले मल्टी-डे मुकाबलों के लिए भारत ‘ए’ टीम की घोषणा की है, जिसमें छत्तीसगढ़ के इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज को भी मौका मिला है।
आयुष के चयन की खबर सामने आते ही प्रदेश के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारत ‘ए’ टीम के रूप में मिला है। क्रिकेट विशेषज्ञ इसे उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा अवसर मान रहे हैं।
22 वर्षीय बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे पिछले कुछ वर्षों से घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। आयुष ने अब तक 19 प्रथम श्रेणी मैचों की 34 पारियों में 47.66 की औसत से 1,430 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक (सर्वोच्च स्कोर 211 रन) और 5 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने ऑल इंडिया बुची बाबू टूर्नामेंट 2024 में 482 रन बनाकर 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का खिताब जीता था रणजी ट्रॉफी में उनकी बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अब तक खेले गए 19 मैचों की 34 पारियों में उन्होंने 1430 रन बनाए हैं। उनका औसत 47.66 का रहा है। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका सर्वोच्च स्कोर 211 रन है।
हाल ही में रणजी ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ खेली गई 183 रन की शानदार पारी को उनके चयन की सबसे बड़ी वजहों में माना जा रहा है। इसके अलावा विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की। उन्होंने 78 और 49 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया था।
आयुष पांडे इन दिनों छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग सीजन-3 में बिलासपुर बुल्स की कप्तानी कर रहे हैं। बतौर ओपनर वह टीम को लगातार मजबूत शुरुआत दिला रहे हैं। हाल ही में बस्तर बायसन के खिलाफ उन्होंने 147 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। अपनी इस यादगार पारी में उन्होंने 13 चौके और 11 छक्के जड़े। यह छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग इतिहास का अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।

