सांसद ने कहा- बच्चे ही देश का भविष्य, पहली कक्षा के छात्र से कराया स्मार्ट क्लास का शिलान्यास

कानपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी आधुनिक संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अधिकार मिलना चाहिए। बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। यह बातें सोमवार को कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कही।

सांसद निधि से विद्यालय में आधुनिक शिक्षण कक्षों और स्मार्ट क्लास का निर्माण कराया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी की मौजूदगी में छात्र कुमार शिवांशु ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया, नारियल फोड़ा और रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अनूठी पहल को उपस्थित लोगों ने बच्चों के सम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला कदम बताया।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि शिक्षा केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण का सबसे मजबूत माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से यहां पढ़ने वाले बच्चे भी निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया और विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि स्मार्ट क्लास के माध्यम से बच्चों को डिजिटल कंटेंट, प्रोजेक्टर और अन्य आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने मुख्य अतिथि बने छात्र कुमार शिवांशु को विद्यालयी बैग और शैक्षणिक सामग्री भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बताया कि सांसद रमेश अवस्थी लगातार विद्यालय के विकास में सहयोग कर रहे हैं। इससे पहले भी विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई गई थी और अब सांसद निधि से स्मार्ट क्लास तथा नए शिक्षण कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन सुविधाओं से बच्चों की पढ़ाई अधिक प्रभावी होगी और विद्यालय में नामांकन व उपस्थिति भी बढ़ेगी।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. गिरीश मिश्रा, आर. नगर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राजन लाल, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित संजय दुबे, अंगद सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक, अभिभावक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिनकी अतिथियों ने सराहना की।

   

सम्बंधित खबर