पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय शिक्षा

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के लिए तीन जुलाई तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन

रायपुर, 24 जून (हि. स.)। आर्थिक रूप से कमजोर निर्माण श्रमिक परिवारों के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के माध्यम से पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों के प्रवेश शुल्क, शैक्षणिक शुल्क, गणवेश, पुस्तक-कॉपी, छात्रावास, भोजन एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक व्यवस्थाओं पर होने वाले समस्त व्यय का वहन मंडल द्वारा किया जाएगा। इस योजना का लाभ पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के उन बच्चों को मिलेगा जिन्होंने कक्षा 5वीं उत्तीर्ण कर ली है। विद्यार्थियों का चयन प्राप्त आवेदनों के आधार पर जिला स्तर पर मेरिट सूची के माध्यम से पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।

सहायक श्रमायुक्त देवेन्द्र देवांगन ने बताया कि, श्रम विभाग द्वारा योजना का लाभ लेने हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जून 2026 से प्रारंभ हो चुकी है तथा 3 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक पंजीकृत निर्माण श्रमिक श्रम विभाग की वेबसाइट shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से स्वयं आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने निकटतम लोक सेवा केंद्र अथवा चॉइस सेंटर में भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।

आवेदन के लिए निर्माण श्रमिक का जीवित पंजीयन कार्ड, छत्तीसगढ़ का मूल निवास प्रमाण-पत्र, छात्र/छात्रा का आधार कार्ड, पूर्व कक्षा की उत्तीर्ण अंकसूची, वर्तमान कक्षा में अध्ययनरत होने संबंधी प्रमाण-पत्र तथा स्वघोषणा प्रमाण-पत्र आवश्यक हैं। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए इच्छुक आवेदक जिला श्रम कार्यालय अथवा अपने निकटतम सीएससी/चॉइस सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर