अमृतसर में नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, तीन व्यक्ति गिरफ्तार, 13 किलो हेरोइन बरामद
- Neha Gupta
- Jul 06, 2026

अमृतसर, 06 जुलाई । काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) ने दो नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करके तीन व्यक्तियों को 13 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि वर्तमान में खेराबाद, अमृतसर में रह रहे खेमकरण (तरन तारन) निवासी अकाशदीप सिंह तथा गांव भोडीवाला, जिला मोगा निवासी मंगल सिंह और बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस टीमों ने मादक पदार्थ की बरामदगी के अलावा नशा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वर्ना कार (यूपी-14-डीएल-0324) भी जब्त कर ली है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार गिरफ्तार आरोपित विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप प्राप्त कर उसे पूरे पंजाब में अलग-अलग पार्टियों तक पहुंचाते थे।
पहले ऑपरेशन का विवरण साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को पुख्ता सूचना मिली थी कि अकाशदीप के पास हेरोइन की बड़ी खेप पहुंची है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खेराबाद, अमृतसर स्थित उसके घर पर छापा मारकर उसके कब्जे से 8 किलोग्राम हेरोइन बरामद की। उन्होंने बताया कि एक अन्य कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली थी कि दो नशा तस्कर अपनी वर्ना कार में हेरोइन की खेप की सप्लाई करने जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर सीआई अमृतसर की टीम ने अमृतसर-झबाल जीटी रोड पर नाकाबंदी कर वर्ना कार को रोक लिया, जिसमें मंगल सिंह और बलजीत सिंह सवार थे। वाहन की तलाशी के दौरान कार से 5 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
डीजीपी ने कहा कि दोनों मामलों में अन्य आरोपितों की पहचान करने तथा पूरी सप्लाई चेन का पर्दाफाश करने के लिए आगे और पीछे के सभी संबंधों की गहन जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

