मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में बागपत को मिला प्रदेशभर में 15वां स्थान
- DSS Admin
- May 10, 2026
बागपत, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश का बागपत जनपद विकास और सुशासन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के कुशल निर्देशन और प्रभावी कार्यशैली के चलते जनपद ने शासन की ओर से जारी सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में प्रदेशभर में 15वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से प्रशासनिक अधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
जिलाधिकारी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, समयबद्ध क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, स्वच्छता, पेयजल, सड़क निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन का सकारात्मक प्रभाव अब रैंकिंग में भी दिखाई देने लगा है।
प्रशासन की ओर से डिजिटल मॉनिटरिंग, पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है। जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण प्रणाली को भी मजबूत बनाया गया है। जिसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने रविवार को कहा कि यह उपलब्धि पूरी प्रशासनिक टीम की मेहनत और जनसहयोग का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गति इसी प्रकार बनाए रखते हुए जनहित की योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लागू किया जाए।
---------------

